‘कॉफी पर बहुत कुछ हो सकता है’। लगभग 25 साल पहले अपनी स्थापना के बाद से, कैफे कॉफी डे ( Cafe Coffee Day – CCD) भारतीयों के लिए एक पसंदीदा हैंगआउट स्थान बन गया है। इसने भारत के भीतर कैफे को लेकर एक अलग परिदृश्य परिभाषित किया। देश भर में प्रमुख राजमार्गों, कॉलेजों और कॉरपोरेट पार्कों के पास सीसीडी आउटलेट हम देख सकते हैं। इसके संस्थापक वी.जी. सिद्धार्थ के पास एक महत्वाकांक्षी और रणनीतिक दृष्टि थी, जिसने कंपनी के उल्लेखनीय विकास को संचालित किया। दुर्भाग्य से, महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों पर ध्यान देने की कमी के कारण कंपनी का डाउनफॉल शुरू हुआ।
इस लेख में, हम कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड(Coffee Day Enterprises Ltd) की कहानी और कंपनी के हालिया घटनाक्रम पर चर्चा करेंगे।
वी.जी. सिद्धार्थ: एक संक्षिप्त प्रोफ़ाइल
वी.जी. सिद्धार्थ कर्नाटक के चिकमगलूर कॉफी बागान क्षेत्र के एक संपन्न परिवार में से थे। अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद, उन्होंने अपने पारिवारिक व्यवसाय में शामिल नहीं होने का फैसला किया। इसके बजाय, वह अपने कम्फर्ट जोन से बाहर आना चाहता थे और अपने दम पर एक बिज़नेस शुरू करना चाहता थे । वह 1980 के दशक की शुरुआत में मुंबई चले गए और जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज में एक इंटर्न / ट्रेनी के रूप में अपना करियर शुरू किया। वहां, उन्होंने शेयर बाजारों की दुनिया की खोज की और कई बड़े निगमों के प्रबंधित खातों का पता लगाया।
1984 में, वह बैंगलोर चले गए और एक निवेश बैंकिंग और स्टॉकब्रोकिंग कंपनी सिवन सिक्योरिटीज का अधिग्रहण किया। बाद में इसका नाम बदलकर उन्होंने Way2Wealth Securities कर दिया।
इसी अवधि के आसपास, वी.जी. सिद्धार्थ ने एक महत्वपूर्ण समस्या की पहचान की जो भारत में कॉफी उत्पादकों को प्रभावित कर रही थी। कॉफी बोर्ड (एक सरकारी एजेंसी) का विश्व स्तर पर कॉफी के मार्केट पर एकाधिकार था। कॉफी बागान मालिक, अपनी उपज को सीधे विदेशी बाजारों में बेचने के लिए असमर्थ थे। 1985 में, उन्होंने देखा कि अंतरराष्ट्रीय कॉफी की कीमतें 1.2 डॉलर प्रति पाउंड थी, जबकि भारतीय कॉफी उत्पादकों को केवल 35 सेंट प्रति पाउंड मिल रहा था। सिद्धार्थ और उनके कुछ सहयोगियों ने इन आंकड़ों के साथ तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह से संपर्क किया।
छह महीने के भीतर सरकार ने इस मुद्दे को सुलझा लिया। निजी संस्थाओं को अब सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉफी की आपूर्ति करने की अनुमति दी गई थी।
कॉफी व्यवसाय में प्रवेश
1993 में, वी.जी. सिद्धार्थ ने अपनी कॉफी ट्रेडिंग कंपनी- अमलगमेटेड बीन कंपनी (Amalgamated Bean Company – ABC) की स्थापना की। यह एक इंटीग्रेटेड कॉफी व्यवसाय था, जिसमे कॉफी बीन्स की खरीद, प्रोसेसिंग और रोस्टिंग आदि शामिल थे। साथ ही उन्होंने कॉफी बीन्स और उत्पादों का निर्यात और खुदरा बिक्री भी शुरू कर दी। 1993-1995 के बीच, ABC भारत में कॉफी का सबसे बड़ा निर्यातक बन गया। अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में कॉफी हब के रुझानों का विश्लेषण करने के बाद, सिद्धार्थ ने कॉफी पीने के अनुभव को तकनीक से जोड़ने का एक विचार विकसित किया।
1.5 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश के साथ, उन्होंने 1996 में ब्रिगेड रोड, बैंगलोर में अपना पहला कैफे कॉफी डे (CCD) स्थापित किया। इसने 25 रुपये प्रति कप के हिसाब से कॉफी बेची और इंटरनेट सेवाओं की भी पेशकश की। यह विचार तुरंत प्रभाव में आया, और कैफे ने शहर के युवाओं (मुख्य रूप से आईटी पेशेवरों) को आकर्षित करना शुरू कर दिया। सीसीडी ने ऐसे देश में espressos और lattes बेचना शुरू किया, जहां लोग मुख्य रूप से फिल्टर कॉफी पीते थे।
कैफे कॉफी डे तेजी से भारत के अन्य शहरों में फैल गया। अगले दो दशकों में, सीसीडी 1,700 से अधिक आउटलेट्स के साथ भारत में सबसे बड़ा कॉफी रिटेलर बन गया। इसने भारतीय उपभोक्ताओं की खर्च करने की क्षमता के अनुरूप अपने प्राइज़ मॉडल को भी संरेखित किया। सीसीडी ने मुख्य रूप से कॉफी-आधारित पेय पदार्थों के लिए उच्च मूल्य तय करने के बजाय अपने स्टोर में अधिक लोगों को आकर्षित करने पर ध्यान केंद्रित किया। अधिकांश कॉलेज कैफेटेरिया, अस्पतालों, होटलों और कॉर्पोरेट कार्यालयों में उनकी कॉफी मशीन भी हम देख सकते हैं।
कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड और उसका डाउनफॉल
कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) कॉफी डे ग्रुप की मूल कंपनी है, जिसके पास सीसीडी आउटलेट हैं। CDEL 2015 में सार्वजनिक हुआ। वी.जी. सिद्धार्थ की नई सोच और उद्यमशीलता की मानसिकता ने कंपनी को भारतीय कॉफी श्रृंखला सेगमेंट में एक प्रमुख खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित किया। उनकी मार्केटिंग और प्रचार रणनीतियों ने उन्हें बिक्री बढ़ाने में मदद की। सीसीडी ने वित्त वर्ष 2017 में 8.03 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो वित्त वर्ष 2018 में बढ़कर 48.94 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2019 में 60.27 करोड़ रुपये हो गया। कॉफी और कैफे व्यवसाय के निर्यात के अलावा, सीडीईएल लॉजिस्टिक, हॉस्पिटैलिटी और वित्तीय सेवा क्षेत्रों में भी मौजूद है।
हालांकि, परिचालन के दृष्टिकोण से चीजें हमेशा सुचारू नहीं थीं। अपनी महत्वाकांक्षी विस्तार योजनाओं के हिस्से के रूप में, सीडीईएल ने 2015 में 6,328 करोड़ रुपये का कर्ज जमा किया था। यह आंकड़ा 31 मार्च, 2019 (वित्त वर्ष 19) तक बढ़कर 6,574 करोड़ रुपये हो गया। 2014-2019 के बीच, सिद्धार्थ और सीडीईएल प्रमोटर समूह की चार निजी होल्डिंग कंपनियों ने इन विशाल ऋणों को जुटाने के लिए सुरक्षा के रूप में 3,522 करोड़ रुपये के शेयर गिरवी रखे थे। एक समय ऐसा भी था, जिसमें आयकर (आईटी) विभाग ने सीडीईएल के कार्यालयों पर छापा मारा और 650 करोड़ रुपये से अधिक की छिपी हुई आय का खुलासा किया।
इसके अलावा, सीसीडी को स्टारबक्स, बरिस्ता, और चायोस और चाय पे चर्चा जैसी नई लॉन्च की गई स्थानीय श्रृंखलाओं से भी कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा था।
वी.जी. सिद्धार्थ की मृत्यु:
30 जुलाई, 2019 को, सीडीईएल ने बताया कि इसके प्रबंध निदेशक वी.जी. सिद्धार्थ पिछले दिन से लापता है और अधिकारी उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे है। अगले दिन स्थानीय मछुआरों को उनका शव हॉज बाजार समुद्र तट पर मिला। सिद्धार्थ ने सीडीईएल के बोर्ड को कथित रूप से लिखा एक पत्र छोड़ा था, जिसमें कहा गया था की “मैं अपने सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद एक लाभदायक व्यवसाय मॉडल बनाने में विफल रहा हूं। मैं जानबूझकर किसी को धोखा या गुमराह नहीं करूंगा; मैं एक उद्यमी के रूप में असफल रहा हूं।”
पत्र में वी.जी. सिद्धार्थ ने कहा कि, उन्हें निजी इक्विटी भागीदारों के दबाव का सामना करना पड़ा जिन्होंने उन्हें शेयर वापस खरीदने के लिए मजबूर किया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें आयकर अधिकारियों और कंपनी के ऋणदाताओं द्वारा परेशान किया गया था। सीसीडी के संस्थापक की आत्महत्या ने कंपनी की विफलता के आसपास की सच्चाई को उजागर किया, जो अनुचित ऋण प्रबंधन और वित्तीय निर्णयों पर नियंत्रण की कमी थी। डेटा से पता चला कि वी.जी. सिद्धार्थ के कर्ज का ढेर एक समय में 11,000 करोड़ रुपये को भी पार कर गया होगा! सीडीईएल के शेयरों में तीन दिनों में 43 फीसदी की गिरावट आई और आगे गिरावट जारी रही।
हालिया विकास
अपने पति की मृत्यु के बाद, मालविका हेगड़े ने दिसंबर 2020 में कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड के सीईओ के रूप में पदभार संभाला। वह कंपनी के बोर्ड में थीं, लेकिन केवल एक गैर-कार्यकारी सदस्य के रूप में। वह 2008 से सीसीडी में दिन-प्रतिदिन के संचालन की प्रभारी थीं। मालविका के पदभार संभालने के समय सीडीईएल का कुल कर्ज ~ 7,200 करोड़ रुपये था। हजारों नौकरियां लाइन में थीं, और उन्हें फर्म को व्यवहार्य बनाए रखना था। सीसीडी वर्तमान में 165 शहरों में 572 कैफे और 333 सीसीडी वैल्यू एक्सप्रेस कियोस्क संचालित करता है।
उनके नियंत्रण में, कॉफी डे मार्च 2021 तक अपने कर्ज को 1,731 करोड़ रुपये तक लाने में कामयाब रही। वह अंततः चुनौती के लिए खड़ी हुई और कंपनी के कर्ज को 75% तक कम करने में सक्षम थी! वह भी ऐसे समय, जब कोविड-19 महामारी ने व्यापार को बुरी तरह प्रभावित किया। रिपोर्टों के अनुसार, सीडीईएल ने अपने ऋणदाताओं को 1,644 करोड़ रुपये का भुगतान किया। कंपनी ने अमेरिकी निजी इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन से एक अज्ञात राशि भी स्वीकार की और माइंडट्री लिमिटेड में हिस्सेदारी बेच दी, जिससे कर्ज कम करने में मदद मिली।
पिछले एक हफ्ते में सीडीईएल के शेयर 68% की तेजी के साथ 71.80 रुपये पर पहुंच गए। कैफे कॉफी डे और इसके नए सीईओ के लचीलेपन ने निवेशकों को आशावाद दिया है कि, वी.जी. सिद्धार्थ की विरासत बरकरार रहेगी। कंपनी अब रिवाइवल मोड में है। आइए देखें कि, आने वाले वर्षों में सीडीईएल कैसा प्रदर्शन करेगा।
कॉफी डे एंटरप्राइजेज पर आपके क्या विचार हैं? हमें मार्केटफीड ऐप के कमेंट सेक्शन में बताएं।