जीवन में किसी भी अप्रत्याशित या अचानक समस्या का सामना करने के लिए खुद को आर्थिक रूप से सुरक्षित सक्षम बनाने के लिए बीमा योजना / पॉलिसी खरीदना आवश्यक है। यह किसी भी अचानक हुए नुकसान के खिलाफ एक सुरक्षा प्रदान करता है। क्या आप जानते हैं, कि एक वित्तीय प्रोडक्ट के बारे में, जो एक में बीमा और निवेश दोनों लाभों को जोड़ता है?
यूनिट-लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) जीवन बीमा और निवेश दोनों का मिश्रण प्रदान करता हैं। बीमा कंपनियां ULIP की पेशकश करती हैं, ताकि उनके ग्राहकों को जीवन बीमा और इक्विटी तथा डेट फंड में निवेश का फायदा भी मिल सके। यह हमें नियमित और अनुशासित बचत की आदत लगाता है।
यह कैसे काम करता है?
जब आप ULIP पॉलिसी खरीदते और रखते हैं, तो आपको नियमित रूप से प्रीमियम का भुगतान करना होगा। इस प्रीमियम का एक हिस्सा जीवन बीमा कवरेज प्रदान करने के लिए उपयोग किया जाता है। शेष राशि को अन्य पॉलिसीधारकों से प्राप्त संपत्ति के साथ जमा किया जाता है और फिर इक्विटी, डेट या यहां तक कि हाइब्रिड फंड में निवेश किया जाता है। (एक हाइब्रिड या बैलेंस्ड फंड एक वित्तीय साधन है, जो एक विशिष्ट अनुपात में इक्विटी और डेट सेगमेंट दोनों के मिश्रण में निवेश करता है।) एक पेशेवर फंड मैनेजर सभी पॉलिसीधारकों द्वारा किए गए निवेश की देखभाल करता है।
ULIP निवेशकों को बाजार की स्थितियों और उनकी जोखिम लेने की क्षमता के आधार पर इक्विटी और डेट फंड के बीच स्विच करने का विकल्प देता है। इस तरह की योजनाओं से होने वाले लाभ पर उसी तरह टैक्स लगाया जाएगा जैसे अधिकांश म्यूचुअल फंड पर टैक्स लगाया जाता है।
टैक्स में होने वाला फायदा
दिलचस्प बात यह है, कि ULIP में किए गए निवेश का उपयोग आयकर अधिनियम की धारा 80 C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स कटौती का दावा करने के लिए किया जा सकता है। पॉलिसी से मिलने वाले रिटर्न को भी आईटी अधिनियम की धारा 10 (10 डी) के तहत परिपक्वता पर (2.5 लाख करोड़ रुपये तक) टैक्सेशन से छूट दी गई है। यदि ULIP निवेशक की ULIP की अवधि के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो नॉमिनी व्यक्ति ULIP पॉलिसी में निर्दिष्ट मृत्यु लाभ का हकदार होगा, और मृत्यु पर प्राप्त राशि टैक्स से मुक्त है।
लॉक-इन अवधि और शुल्क
ULIP पांच साल की अनिवार्य लॉक-इन अवधि के साथ आते हैं। इसका मतलब है, कि आप निवेश की तारीख से पांच साल बाद ही अपनी ULIP पॉलिसी वापस ले सकते हैं। समय से पहले बाहर निकलने का कोई प्रावधान नहीं है। पांच साल के बाद, आप पूरी राशि ले सकते हैं। चूंकि, ULIP एक जीवन बीमा पॉलिसी और एक म्यूचुअल फंड (जो लंबी अवधि के निवेश हैं) का एक कॉम्बिनेशन है, यह सलाह दी जाती है कि किसी को ULIP पॉलिसी को 15 साल या उससे अधिक के लिए रखना चाहिए।
जब कोई व्यक्ति ULIP की सदस्यता लेता है, तो बीमाकर्ता उसकी मृत्यु पर बीमा सुरक्षा के लिए और अन्य खर्चों को कवर करने के लिए शुल्क लेता है। इसे मोर्टेलिटी चार्जेज के रूप में जाना जाता है। यह आमतौर पर पॉलिसीधारक के पैसे का निवेश करने से पहले अन्य शुल्कों के साथ काटा जाता है।
एक्सपेंस रेशियो (या फंड मैनेजरों द्वारा लगाया जाने वाला वार्षिक रखरखाव शुल्क) ज्यादातर 1.05-2.25% की सीमा में होता है।
ULIP में निवेश करने से पहले, प्रोडक्ट को जांच लें और लगाए गए सभी शुल्कों का विश्लेषण करें। आम तौर पर बीमा और निवेश को अलग-अलग रखना बेहतर होता है।